दिल्ली में आज 35 से ज्यादा सड़कों पर ट्रैफिक बदलाव: BRICS मोटरकेड रिहर्सल के चलते डायवर्जन, घर से निकलने से पहले पढ़ें एडवाइजरी
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बुधवार, 2 सितंबर को वाहन चालकों को ट्रैफिक को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। BRICS शिखर सम्मेलन 2026 से पहले मोटरकेड रिहर्सल के कारण दिल्ली की 35 से ज्यादा प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होने वाली है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इसके लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। रिहर्सल का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान कई स्थानों पर वाहनों को रोकने, डायवर्ट करने और वैकल्पिक मार्गों पर भेजने की व्यवस्था की जाएगी।
22 स्थानों पर डायवर्जन
ट्रैफिक व्यवस्था के तहत 22 प्रमुख स्थानों पर डायवर्जन की योजना है। इससे सेंट्रल दिल्ली समेत कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है।
प्रभावित होने वाले प्रमुख मार्गों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, शांति पथ और जनपथ सहित कई सड़कें शामिल हैं।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरी यात्रा के लिए पर्याप्त समय लेकर निकलें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट या किसी जरूरी स्थान पर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर चलना चाहिए।
BRICS शिखर सम्मेलन 11 से 13 सितंबर 2026 के बीच भारत मंडपम में आयोजित होने की तैयारी है। इसी वजह से सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को पहले से परखा जा रहा है।










